अगेई गांव में रामलीला का भव्य शुभारंभ, जिला पंचायत सदस्य सुनीरा सिंह गौर ने फीता काटकर किया उद्घाटन
वजीरगंज से सर्वेश उपाध्याय की रिपोर्ट

अगेई गांव में रामलीला का भव्य शुभारंभ, जिला पंचायत सदस्य सुनीरा सिंह गौर ने फीता काटकर किया उद्घाटन
रामलीला से बच्चों को मिलती है मर्यादा, संस्कार और आदर्श जीवन जीने की सीख – सुनीरा सिंह गौर
बदायूं। जिले के वजीरगंज विकासखंड क्षेत्र के ग्राम अगेई में रामलीला मंचन का शुभारंभ उत्साह और धार्मिक माहौल के बीच किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं जिला पंचायत सदस्य सुनीरा सिंह गौर ने फीता काटकर रामलीला का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।
उद्घाटन के अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुनीरा सिंह गौर ने कहा कि रामलीला हमारी भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भगवान श्रीराम के जीवन से हमें सत्य, मर्यादा, त्याग, प्रेम और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। रामलीला के माध्यम से बच्चों को अच्छे संस्कार और जीवन में सही रास्ते पर चलने की सीख मिलती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को रामलीला में दिखाई जाने वाली शिक्षाओं को केवल सुनना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने जीवन में भी अपनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रामलीला जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी आने वाली पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं। ऐसे आयोजनों से गांव में धार्मिक वातावरण के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को भी बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं रामलीला आयोजन से जुड़े लोग मौजूद रहे।

