
बिसौली। शासन के निर्देशों एवं डीआई लवकुश प्रसाद की प्रेरणा से बिसौली केमिस्ट एसोसिएशन द्वारा नगर में कांवड़ियों की सेवा के लिए विशेष सेवा कैंप लगाया गया। कैंप में कांवड़ यात्रियों को निःशुल्क औषधि वितरण एवं प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
कैंप का उद्घाटन कोतवाल कमलेश मिश्रा ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी सेवा कार्य में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष अबरार अहमद बतौर अतिथि मौजूद रहे।
केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि “अजमेर के जायरीन हों या भोले के भक्त, सेवा ही धर्म है।” कैंप में पहुंचे कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं को जरूरत के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा प्राथमिक उपचार भी किया गया।
इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कैंप में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर सेवा का लाभ उठाया।


