दातागंज : बक्सेना में सिनोद कुमार पब्लिक स्कूल में बड़े धूमधाम से 15 अगस्त मनाया गया
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
संवाददाता हुकुम सिंह
दातागंज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत बक्सेना के सिनोद कुमार पब्लिक स्कूल के मैनेजर विजनेश कुमार शाक्य एवं समस्त स्टाफ के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में ग्रामीणों, बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ प्रभात फेरी गांव की गलियों से निकाली गई।
प्रभात फेरी के दौरान ग्रामीणों में देशभक्ति का उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह लोगों ने प्रभात फेरी का स्वागत किया। विद्यालय के प्रबंधक विजनेश कुमार ने छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। हमें देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम में बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। उनके हाथों में तिरंगे और देशभक्ति के नारों से गांव का वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया। ग्रामीणों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
विद्यालय प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व बच्चों और युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने का माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की जानकारी मिलती है।
प्रभात फेरी के समापन पर ग्रामीणों ने देश की प्रगति, गांव के विकास और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ग्रामीणों सहित बड़ी संख्या में बच्चे और युवा मौजूद रहे।
