संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की जयंती के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान के तहत निकाली कलश वंदन यात्रा।
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट

संवाददाता हुकुम सिंह
*दातागंज*- क्षेत्रीय भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ ने दातागंज नगर मण्डल के मोहल्ला छोटा परा में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर भाजपा आयोजित समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत निकाली गई कलश वंदन यात्रा में सहभागिता की।
यात्रा के दौरान विधायक राजीव कुमार सिंह ने कलश को अपने सिर पर रख कर कुछ दूर तक यात्रा में पैदल सहभागिता की, जिससे श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। उन्होंने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों को जयंती की शुभकामनाएँ दीं।
विधायक ने कहा कि संत गुरु रविदास जी महाराज ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को समानता, समरसता, प्रेम, सद्भाव और मानव सेवा का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी समाज को एकजुट करने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही भेदभाव रहित, समतामूलक और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से संत रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा सामाजिक समरसता और भाईचारे को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के चेयरमैन पति अनूप कुमार गुप्ता, तेजपाल सागर पूर्व जिला मंत्री भाजपा, दातागंज नगर मंडल अध्यक्ष वीर सिंह, हेमचंद्र गौतम पूर्व प्रधान, अशोक वाल्मीकि, सुरेश गौतम प्रधान रोहरी, कुलदीप यादव बूथ अध्यक्ष सिमरी बौरा, नरेंद्र सागर शक्ति केंद्र संयोजक सहित तमाम जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।