शादी का झांसा देकर सिपाही ने बनाया अश्लील वीडियो दहशत में आकर युवती ने तेजाब पीकर दी जान
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बिसौली कोतवाली क्षेत्र में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी से परेशान युवती ने तेजाब पी लिया। मुरादाबाद के अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवती के भाई ने आज बुधवार को बताया कि युवती और आरोपी सिपाही जीशान नौकरी लगने से पहले बिसौली नगर में साथ-साथ कोचिंग करते थे। इसी दौरान दोनों की जान पहचान हुई। आरोप है कि बाद में जीशान ने शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाए और उसके फोटो-वीडियो बना लिए। शादी की बात आने पर आरोपी ने शादी करने से मना कर दिया और वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा।
परिजनों का आरोप है की आरोपी ने युवती और उसके पिता को फोन कर वीडियो वायरल करने की धमकी दी, जिसके बाद युवती ने घर के शौचालय में तेजाब पी लिया। गंभीर हालत में उसे मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में बिसौली कोतवाली पुलिस ने हरदोई के पिहानी थाने में तैनात सिपाही जीशान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।



