गंगा एक्सप्रेसवे के गड्ढे में डूबकर युवक की मौत, कांग्रेस ने उठाई जांच और मुआवजे की मांग
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
संवाददाता हुकुम सिहं
बदायूं, । गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबकर कैलिहाई गांव निवासी युवक आराम कश्यप की मौत के मामले में कांग्रेस ने प्रशासन से जांच और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने सोमवार को कैलिहाई गांव पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
अजीत यादव ने मृतक की पत्नी राजकुमारी कश्यप और चार छोटे बच्चों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आराम कश्यप की मौत बेहद गंभीर मामला है और कांग्रेस पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।
ग्रामीणों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष को बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए गांव के पास मिट्टी खनन किया गया, जिससे बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि अरल नदी क्षेत्र में काफी गहराई तक खनन किया गया, जिसकी जांच होनी चाहिए।
अजीत यादव ने कहा कि अवैध खनन की जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा दिलाने के लिए कांग्रेस आवाज उठाएगी।
इस दौरान नवनीत यादव, प्रदीप सिंह, सुरेंद्र सिंह, आशीष समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।
