बदायूं खनन अधिकारी का खनन माफियाओं पर कसा शिकंजा तीन ट्रैक्टर ट्राली एक जेसीबी मशीन जब्त की गई
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
बदायूं के खनन अधिकारी गुलशन कुमार ने दातागंज तहसील क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन पर बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार सुबह बराही पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई इस छापेमारी के दौरान तीन ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन जब्त की गई। हालांकि, तीन ट्रैक्टर चालक अपने वाहन लेकर मौके से फरार होने में सफल रहे।
यह कार्रवाई सुबह लगभग 8 बजे मुखबिर की सूचना पर की गई। खनन अधिकारी गुलशन कुमार को जानकारी मिली थी कि दातागंज तहसील के बराही क्षेत्र में जेसीबी मशीन का उपयोग करके अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस क्षेत्र में काफी समय से जेसीबी से मिट्टी खनन का कार्य चल रहा था। लोगों ने कई बार खनन अधिकारी को इसकी सूचना भी दी थी। बार-बार मिल रही शिकायतों के बाद खनन अधिकारी ने यह कदम उठाया।
जब्त किए गए तीनों ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन को खनन अधिकारी ने अपनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दातागंज पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

