मेंथा प्लांट के टैंक में सफाई करने उतरे तीन लोग , दो सगे भाइयों की जहरीली गैस से हुई मौत ; तीसरा अस्पताल में भर्ती
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बदायूं – फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सुरैना पापड़ी गांव में शुक्रवार को मेंथा प्लांट की सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। मेंथा टैंक के भीतर जमा जहरीली गैस की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरे भाई की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे बेहतर उपचार के लिए मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीजन शुरू होने से पहले चल रही थी तैयारी-:
जानकारी के अनुसार गांव निवासी पट्टू अपने तीन बेटों के साथ खेत में स्थापित मेंथा प्लांट पर पहुंचे थे। मेंथा की नई फसल की प्रोसेसिंग शुरू करने से पहले टैंक की सफाई का काम किया जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
एक के बाद एक टैंक में उतरे तीनों भाई-:
बताया जा रहा है कि सबसे पहले बड़े बेटे जयवीर टैंक के अंदर गए। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उनका छोटा भाई राजेश उन्हें देखने के लिए नीचे उतरा। जब वह भी बाहर नहीं आया तो तीसरे भाई मनवीर ने टैंक में प्रवेश किया। कुछ ही देर में तीनों भाई अंदर अचेत हो गए।
ग्रामीणों ने चलाया राहत कार्य-:
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों भाइयों को टैंक से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जयवीर और राजेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि मनवीर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया गया।
दो बेटों की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़-:
हादसे में जयवीर (करीब 35 वर्ष) और राजेश (22 वर्ष) की जान चली गई। मनवीर (27 वर्ष) का इलाज जारी है। एक ही परिवार के दो बेटों की असमय मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी घटना के बाद शोक और संवेदना का माहौल है।
जहरीली गैस को माना जा रहा हादसे का कारण-:
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टैंक के भीतर बनी जहरीली गैस के कारण तीनों भाई बेहोश हुए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



