शेयर मार्केट में Algo Trading के नाम पर 49 लाख की ठगी, साइबर क्राइम थाना बरेली ने मुख्य आरोपी को दबोचा,, 31 लाख रूपये कराये होल्ड
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बरेली साइबर क्राइम थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शेयर मार्केट में Algo Trading के जरिए मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 49.43 लाख रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 8 डेबिट कार्ड, लैपटॉप, मोबाइल, फर्जी दस्तावेज समेत कई सामान बरामद हुए हैं। पुलिस ने 31 लाख रुपये की रकम को होल्ड/लीन भी करा दिया है।
पूरा मामला दिनांक 08.06.2026 को वादी आलोक दुबे पुत्र रामगोपाल दुबे, निवासी आशीष रॉयल पार्क, डेटल कॉलेज थाना साइबर क्राइम पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शेयर मार्केट में Algo Trading से इन्वेस्टमेंट कराने के लिए एक व्यक्ति की कॉल आई। आरोपी ने व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर ‘एसमसी ब्रोकिंग ऐप’ डाउनलोड कराया।
केवाईसी के बाद अकाउंट खुलवाया गया। 16.01.2026 से 30.04.2026 के बीच आरोपी ने कुल 49,43,898 रुपये 20 ट्रांजेक्शन में डलवा लिए। इसके बाद 15% कमीशन व 18% जीएसटी के नाम पर भी पैसे जमा करा लिए। बार-बार पैसा मांगने पर ऑडिट व एप्लीकेशन अपडेट का बहाना बनाकर टाल दिया गया।
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर क्राइम थाना बरेली में तहरीर दी।
*पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई*
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर क्राइम थाना में मु0अ0सं0 33/2026 धारा 318(4) बीएनएस व 66डी आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुल 31 लाख रुपये को लीन/होल्ड करा दिया।
*मुख्य आरोपी गिरफ्तार*
विवेचना के दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी के बारे में अहम सुराग मिले। 12.06.2026 को साइबर क्राइम थाना टीम ने आरोपी सचिन कुमार पुत्र रामबीर सिंह निवासी 01 एरिया, फ्लैट नंबर आर 3, फर्स्ट फ्लोर, वैशाली एनक्लेव, सहसधारा रोड, देहरादून को गिरफ्तार किया।
*फर्जी कंपनी बनाकर करता था ठगी*
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने एस0एम0सी0 कंपनी बनाई और कई फर्जी बैंक खाते खोलकर अलग-अलग पते दिखाकर पैसे डबल करने व Algo Investment के नाम पर ठगी करता था।
*ये सामान हुआ बरामद*
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 08 डेबिट कार्ड, 01 आधार कार्ड, 01 पैनकार्ड, 01 लैपटॉप, 08 चेकबुक, 02 चेक, 02 पासबुक, 01 डीडी, 04 डिपॉजिट पे स्लिप, 01 कैश/चैक डिपॉजिट स्लिप बुक, 02 चार्जर, 01 रिस्ट वाच, 02 मोहर, 01 मोबाइल, 02 बुक, 01 कॉपी, 03 मार्कशीट, 01 उद्यम रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, 01 रेंट एग्रीमेंट, 01 लर्निंग लाइसेंस व 01 जियो राउटर बरामद किया है।
अभियुक्त के खिलाफ पूर्व पंजीकृत धारा 318(4) बीएनएस व 66डी आईटी एक्ट के साथ धारा 336(3)/340(2)/61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर माननीय न्यायालय के समक्ष रिमांड हेतु पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी निवेश से पहले कंपनी की सत्यता जरूर जांच लें।




