
बिसौली (बदायूं)। नगर में ईद मिलादुन्नबी का पर्व बड़े हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। इस अवसर पर परंपरागत रूप से जुलूसे मुहम्मदी निकाला गया। जुलूस का आगाज़ मोहल्ला सराय स्थित मस्जिद कलां (बड़ी मस्जिद) से तिलावते कुरआन-ए-पाक के साथ हुआ। इसके बाद नगर की विभिन्न कमेटियां जुलूस में शामिल होती रहीं।
जुलूस के दौरान उलमा व आइम्मा हज़रात ने जगह-जगह तकरीरें पेश कीं और पैगंबर हज़रत मुहम्मद ﷺ की पैदाइश-ए-मुबारक तथा उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। रास्ते में जगह-जगह सबील और लंगर का इंतजाम किया गया। मुस्लिम इलाकों की गलियां आकर्षक ढंग से सजी नजर आईं और लोगों ने जुलूस का स्वागत किया।
जुलूस अपने परंपरागत मार्ग पठान टोला, मालियान, ईदगाह रोड, कौवा टोला, राज कुआं, सराय और गदरपुरा मरकज़ वाली मस्जिद से होता हुआ वापस बड़ी मस्जिद पहुंचा। यहां सलातो-सलाम के बाद जुलूस शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
जुलूस के दौरान विद्युत विभाग की जेई टीम सहित मौजूदगी रही। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोतवाल कमलेश मिश्रा, कस्बा चौकी इंचार्ज सुभाष शर्मा और बुध बाजार चौकी इंचार्ज अमित चौहान पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस टीम ने पूरे जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।




