दातागंज (बदायूं)
Trending

साढ़े चार साल से मानदेय के लिए भटक रहा केयरटेकर, सचिव पर 50 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप

दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट

 

 

संवाददाता हुकुम सिंह

 

उसावां। दातागंज तहसील क्षेत्र के ब्लॉक उसावां की ग्राम पंचायत सिठौली खाम में तैनात केयरटेकर लालाराम पिछले करीब साढ़े चार साल से मानदेय न मिलने के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। अब केयरटेकर ने एक वीडियो जारी कर ग्राम पंचायत के सचिव पर मानदेय निकालने के बदले 50 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप लगाया है।

 

वीडियो में लालाराम ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत में तैनात नए सचिव खालिद अली उससे मानदेय का 50 प्रतिशत हिस्सा मांग रहे हैं। उनका कहना है कि यदि रुपये नहीं दिए तो मानदेय नहीं निकाला जाएगा। लालाराम के मुताबिक, इससे पहले तैनात सचिव ने कभी किसी तरह के कमीशन की मांग नहीं की थी और मानदेय दिलाने का भरोसा दिया था।

 

केयरटेकर ने बताया कि उसकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब है और वह झोपड़ी में रहने को मजबूर है। उसकी दो बेटियां शादी योग्य हैं, लेकिन लंबे समय से मानदेय नहीं मिलने के कारण परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है। उसका कहना है कि वह लगातार अपनी ड्यूटी निभा रहा है, इसके बावजूद मानदेय का भुगतान नहीं किया जा रहा।

 

जानकारी के अनुसार सिठौली ग्राम पंचायत में कदम नगला, रैपुरा और दल नगला गांव शामिल हैं। सिठौली खाम गांव का अधिकांश हिस्सा काफी समय पहले गंगा नदी की कटान में समा गया था। इसके बाद लालाराम रैपुरा में झोपड़ी बनाकर रहने लगा।

 

इस संबंध में एडीओ पंचायत दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी। यदि आरोप सही पाए गए तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!