बदायूं: KYC के नाम पर महिलाओं से अवैध वसूली का आरोप, फर्जी हस्ताक्षर कर दो लाख रुपये निकालने का दावा
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट

संवाददाता हुकुम सिंह
समूह सखी पर महिलाओं ने लगाए गंभीर आरोप, विरोध करने पर गाली-गलौज और समूह से निकालने की धमकी देने की कही बात
बदायूं। जनपद के जगत ब्लॉक क्षेत्र के गांव नरेली माहोरा में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने समूह सखी चंद्र प्रभा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिलाओं का आरोप है कि केवाईसी (KYC) कराने के नाम पर उनसे 30, 150, 250 रुपये से लेकर 1,000 रुपये तक की वसूली की जा रही है।
जय अंबे महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने दावा किया कि समूह सखी द्वारा कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर कर समूह के खाते से करीब दो लाख रुपये निकाल लिए गए। जब महिलाओं ने इसका विरोध करते हुए धनराशि का हिसाब मांगा तो उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की गई। साथ ही निर्धारित रकम नहीं देने पर समूह से बाहर करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
महिलाओं का कहना है कि समूह की बैंक पासबुक भी समूह सखी के पास रहती हैं, जिससे उन्हें खाते के लेनदेन की जानकारी नहीं मिल पाती।
महिलाओं ने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच, बैंक खातों का सत्यापन और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान रोशनी, कुसुम, रचना, ओमवती, विद्यावती, समीक्षा, नीरज शाक्य, शिखा, दिशा सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।