बिसौली
Trending

सरकारी नौकरी का झांसा देकर 20 लाख की ठगी,मंत्री-एसएसपी से करीबी बताकर 18 लोगों को ठगा

बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट

 

 

बदायूँ। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में सरकारी नौकरी और स्पोर्ट्स कॉलेज में एडमिशन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी खुद को जिला समन्वयक (कॉर्डिनेटर) अधिकारी बताकर और खेल मंत्री व एसएसपी समेत बड़े नेताओं-अधिकारियों से करीबी संबंधों का धौंस दिखाकर भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बना रहा था। वर्ष 2023 से अब तक वह करीब 15 से 18 लोगों से ऑनलाइन और नकदी के जरिए लगभग 20 लाख रुपये ऐंठ चुका है।

पीड़ित दानसिंह पुत्र भूपाल सिंह निवासी ग्राम विधानगला (थाना बिसौली) ने कोतवाली में लिखित शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

 

ऐसे बनाया शिकार

 

दानसिंह ने बताया कि बिसौली के परसिया गाँव निवासी शिशुपाल पुत्र हरीश चंद्र पाली से उसकी पुरानी दोस्ती थी। आरोपी ने खेल मंत्री से अपने पारिवारिक संबंध बताकर विभिन्न सरकारी विभागों, स्टेडियम में कोच, स्टाफ नर्स और स्पोर्ट्स कॉलेज में एडमिशन कराने का झांसा दिया। पीड़ितों का विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने फर्जी नियुक्ति पत्र तक जारी कर दिए और अमरोहा, बरेली, डोरी लाल स्टेडियम और बगरेन स्टेडियम में उनसे करीब चार महीने तक काम भी कराया। जब महीनों तक वेतन नहीं मिला और पीड़ितों ने सवाल किए, तो आरोपी टाल-मटोल करने लगा। तब जाकर फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हुआ।

 

इन लोगों से हड़पे लाखों रुपये

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी शिशुपाल ने अलग-अलग लोगों से फर्जी नौकरी के नाम पर मोटी रकम ऐंठी है:

 

सौरभ कुमार (मौसमपुर, मुरादाबाद): स्पोर्ट्स कोच के पद के लिए 1.20 लाख रुपये लिए और फर्जी नियुक्ति पत्र देकर 4 महीने काम कराया।

 

श्वेता (पत्नी दानसिंह, विधानगला): सरकारी स्टाफ नर्स की नौकरी लगवाने के नाम पर 3.50 लाख रुपये ठगे।

 

दानसिंह (विधानगला): स्टेडियम में स्पोर्ट्स कोच (अधिकारी पद) के लिए 1.60 लाख रुपये लिए।

 

उमेश कुमार (एचोरा, रामपुर): 14 वर्षीय बेटे तरुण का गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ में कक्षा 6 में एडमिशन कराने के नाम पर 3 लाख रुपये (2.50 लाख ऑनलाइन + 50 हजार नकद) हड़पे।

 

पुष्पाल (सदुल्लापुर भितारा, बिनावर): ब्लॉक स्तर पर स्पोर्ट्स कोच की नौकरी के नाम पर 1.50 लाख रुपये लिए और बिना वेतन 4 महीने फर्जी ड्यूटी कराई।

 

वीरेंद्र (रेहगाँव, आवंला, बरेली): स्टेडियम में चतुर्थ श्रेणी की नौकरी दिलाने के नाम पर 1.20 लाख रुपये लिए।

पीड़ितों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और ठगे गए रुपये वापस दिलाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!