ढिलवारी कॉलेज में सामाजिक समरसता संगोष्ठी आयोजित, विधायक बब्बू भैया ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को किया संबोधित
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट

संवाददाता हुकुम सिंह
दातागंज (बदायूं)। विधानसभा क्षेत्र दातागंज के ग्राम ढिलवारी स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सत्यवती देवी मेमोरियल इंटर कॉलेज में सामाजिक समरसता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह (बब्बू भैया) ने क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को संबोधित किया।
इस दौरान विधायक ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और जनजागरूकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की देखभाल, बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने तथा प्रारंभिक शिक्षा के प्रति जागरूक करने में उनका योगदान सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इस लक्ष्य को पूरा करने में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उनके प्रयासों से जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है।
विधायक बब्बू भैया ने सभी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सेवाभाव और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि समाज को स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त बनाने में उनका योगदान अहम है। उन्होंने सभी से इसी सेवा भावना के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना रहा।