सम्भल तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जनसमस्याएं!
सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट

सम्भल जिला की सदर तहसील सम्भल में आज 21 नवंबर 2026 को
जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से तहसील सभागार सम्भल में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, खाद्य एवं रसद, समाज कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, चकबंदी एवं विद्युत सहित अन्य विभागों से संबंधित कुल 44 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ताओं को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर प्रकरणों की जांच करते हुए निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने राजस्व एवं भूमि विवाद से संबंधित मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, प्रभागीय वनाधिकारी प्रीति यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक, उप जिलाधिकारी सम्भल विकास चन्द्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
(सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट)



