दातागंज विधायक ने 50 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को दिए स्मार्टफोन
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
सम्वाददाता हुकुम सिंह
दातागंज ( बदायूं) प्रदेश सरकार की डिजिटल सशक्तिकरण योजना को गति देते हुए दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह “बब्बू भैया” ने मंगलवार को विकास खंड समरेर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 50 मुख्य सेविकाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन वितरित किए। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकत्रियों ने स्मार्टफोन प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे अपने कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहायक बताया।
स्मार्टफोन वितरण के दौरान विधायक ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां सरकार और समाज के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, बच्चों एवं किशोरियों तक विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य करती हैं। ऐसे में उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन के माध्यम से लाभार्थियों का ऑनलाइन पंजीकरण, पोषण ट्रैकिंग, विभागीय रिपोर्टिंग और योजनाओं की निगरानी अधिक पारदर्शी एवं सुगम होगी। इससे कार्यों में तेजी आएगी और योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंच सकेगा। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण और डिजिटल व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने भी स्मार्टफोन के उपयोग और विभागीय ऐप्स की जानकारी देते हुए कार्यकत्रियों को तकनीक का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम अपनाने से कागजी कार्यवाही कम होगी और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, मुख्य सेविकाएं, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन सभी को सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मिलकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।



