ARTO ने जताया जान का खतरा, SSP से मांगी सुरक्षा
ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के बाद बढ़ी चिंता, बोलीं—एक पूरा रैकेट कर रहा है फॉलो, शेयर की जा रही लोकेशन

इटावा में तैनात ARTO प्रवर्तन हुमा परवीन ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बाद अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई है। उन्होंने SSP से मुलाकात कर सुरक्षा की मांग की है। इस संबंध में उनका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपनी चिंताएं और परेशानी साझा करती नजर आ रही हैं। उन्होंने एक पत्रकार के भी इस साजिश में शामिल होने की बात कही है।
हुमा परवीन का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई के बाद कुछ लोग उनका पीछा कर रहे हैं और उनकी लोकेशन तक साझा किए जाने की आशंका है। उन्होंने आशंका जताई कि कभी भी उनके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उनका आरोप है कि कुछ लोग सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास कर रहे हैं।
हुमा परवीन वर्ष 2024 की PCS चयनित अधिकारी हैं और इटावा में यह उनकी पहली तैनाती बताई जा रही है। ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सामने आई इन आशंकाओं के बाद उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों से गुहार लगाई है।
फिलहाल, पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन की ओर से जांच के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।




