जनगणना-2027 के स्व-गणना अभियान में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण, पत्रकारों के साथ संवाद कर जिला जनगणना अधिकारी ने की अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की अपील!
सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट

सम्भल जिला मुख्यालय पर आज 18 नवंबर 2026 को
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत संचालित स्व-गणना अभियान को प्रभावी प्रचार-प्रसार के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिकाधिक परिवारों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अभियान के तृतीय दिवस को मीडिया दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी सत्यप्रिय सिंह की अध्यक्षता में जनपद के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मीडिया के माध्यम से आमजन को जागरूक कर जनगणना अभियान में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने बताया कि भारत में पहली जनगणना वर्ष 1872 में हुई थी। अब तक देश में 16वीं जनगणना कराई जा रही है। जनगणना संघ सूची का विषय है तथा वर्ष 2021 में प्रस्तावित जनगणना कोविड-19 के कारण स्थगित हो गई थी। इससे पहले 2011 में जनगणना हुई थी।
उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 की प्रमुख विशेषता यह है कि इसमें अधिकांश डेटा संग्रहण डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है। जनगणना का प्रथम चरण 1 अप्रैल से 30 सितंबर 2026 तक संचालित किया गया, जिसमें मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की गई। अब द्वितीय चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी।अपर जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अंतर्गत प्रत्येक परिवार आधिकारिक पोर्टल- https://se.census.gov.in पर जाकर स्वयं ऑनलाइन अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकता है। स्व-गणना का विवरण सफलतापूर्वक सबमिट करने के बाद ‘P’ अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या जनरेट होगी,जिसे एसएमएस तथा ई-मेल उपलब्ध होने पर उसके माध्यम से साझा किया जाएगा। स्व-गणना से परिवारों को सुविधा होगी तथा समय की भी बचत होगी।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी। 4 जनवरी को बेघर व्यक्तियों की गणना की जाएगी तथा 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण कार्य संपन्न होगा। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में मकान सूचीकरण के दौरान 34 प्रश्न पूछे गए थे, जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना के लिए 40 प्रश्न निर्धारित किए गए हैं।जिले में जनगणना कार्य की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण के लिए कुल 4160 प्रगणकों एवं 694 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। जिले को जनगणना कार्य के लिए कुल 11 चार्ज में विभाजित किया गया है, जिनमें 8 नगरीय एवं 3 ग्रामीण चार्ज शामिल हैं। प्रत्येक चार्ज के अंतर्गत सुपरवाइजर क्षेत्र एवं प्रगणक क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं।
संवाद के दौरान अपर जिलाधिकारी ने पत्रकारों से स्व-गणना प्रक्रिया से संबंधित उनकी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा जनगणना से संबंधित प्रश्नावली को भी साझा करते हुए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी पत्रकारों से अपील की कि वे अपने समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्व-गणना अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि प्रत्येक परिवार स्वयं ऑनलाइन विवरण दर्ज कर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सके।इस अवसर पर जिला प्रभारी जनगणना अनिल कुमार मौर्य, जिला सूचना अधिकारी बृजेश कुमार सहित जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर उपस्थित रहे।
(सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट)


