कार्तिक पूर्णिमा पर बेलाडांडी घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट

संवाददाता हुकुम सिंह
दातागंज (बदायूं)। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर दातागंज क्षेत्र के बेलाडांडी घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बुजुर्ग श्रद्धालु घाट पर पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर घाट पर धार्मिक माहौल देखने को मिला। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और जरूरतमंदों को दान-पुण्य किया। मेले में भी लोगों की काफी चहल-पहल रही।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। घाट पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते रहे, जिससे स्नान पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

