सिसौना डांडा मेले में स्वच्छता प्रदर्शनी ने खींचा लोगों का ध्यान, स्वच्छ गांव-स्वस्थ समाज का दिया संदेश!
सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट

गवाॅं (सम्भल)रजपुरा थाना क्षेत्र के सिसौना डांडा गंगा घाट कार्तिक पूर्णिमा के अफसर पर जिला पंचायत द्बारा लगाये गये मेले में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), जिला सम्भल की ओर से लगाई गई स्वच्छता जागरूकता प्रदर्शनी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रही। प्रदर्शनी के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता का महत्व समझाते हुए स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ गांव बनाने का संदेश दिया गया।प्रदर्शनी में लगाए गए जागरूकता पोस्टरों के जरिए लोगों को बताया गया कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है। भोजन करने से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोना, शौचालय का नियमित उपयोग करना, बच्चों के मल का सुरक्षित निस्तारण करना तथा घरों के आसपास साफ-सफाई रखना बेहद जरूरी है।इसके साथ ही ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन, पशुओं के मल-मूत्र का उचित निस्तारण और पेयजल को सुरक्षित रखने के उपायों की भी जानकारी दी गई। लोगों को समझाया गया कि खुले में कूड़ा फेंकने और गंदगी फैलाने से वातावरण दूषित होता है, जिसका सीधा असर जनस्वास्थ्य पर पड़ता है।
प्रदर्शनी के माध्यम से ग्रामीणों को संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन की पहली शर्त है। जब प्रत्येक परिवार स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाएगा, तभी गांव स्वच्छ और सुंदर बनेंगे।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), जनपद सम्भल की इस पहल का उद्देश्य जन-जन तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाना और ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना है।
संदेश: स्वच्छ गांव, स्वस्थ गांव और सुंदर सम्भल।



