रामलीला के चौथे दिन जनकपुर बाजार और पुष्प वाटिका लीला का मंचन,, जादूगर ने दिखाई अनोखे करतब !
सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट
संभल जिला की तहसील गुन्नौर के कस्बा गवाॅं में श्री शिव मंदिर रामलीला कमेटी कस्बा गवां के तत्वावधान में चल रही रामलीला के चौथे दिन जनकपुर बाजार और पुष्प वाटिका लीला का मंचन किया गया। कलाकारों ने शानदार अभिनय के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। लीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु, नगर गवाॅं तथा ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी पहुंचे। रामलीला के दौरान जनकपुर बाजार का मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया गया। इसमें भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के जनकपुर पहुंचने तथा वहां के बाजार की सुंदरता और चहल-पहल को दर्शाया गया। जनकपुर बाजार लीला के दौरान जादूगर ने अपनी अद्भुत कला का प्रदर्शन कर दर्शकों को खूब रोमांचित किया। जादूगर ने विभिन्न जादुई करतब दिखाकर लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया। कभी वस्तुओं को गायब करना तो कभी अचानक प्रकट करना, जैसे करतबों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। जादूगर की कला देखकर बच्चे और बड़े सभी उत्साहित नजर आए। पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकार का उत्साहवर्धन किया।इसके बाद पुष्प वाटिका लीला का मंचन किया गया। इस प्रसंग में माता सीता अपनी सखियों के साथ पुष्प वाटिका में गौरी पूजन के लिए पहुंचती हैं। वहीं भगवान श्रीराम और लक्ष्मण भी वाटिका में आते हैं। इसी दौरान भगवान श्रीराम और माता सीता का प्रथम दर्शन होता है। इस मनोहारी प्रसंग को कलाकारों ने भावपूर्ण अभिनय के साथ प्रस्तुत किया। श्रीराम और सीता के प्रथम मिलन के दृश्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।लीला के दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीराम के जयकारे लगाते रहे। पूरा रामलीला परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। रामलीला के माध्यम से लोगों को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और भारतीय संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।श्री शिव मंदिर रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर कस्बे के लोगों में उत्साह बना हुआ है। रामलीला के आगामी प्रसंगों को देखने के लिए भी श्रद्धालु उत्सुक हैं।आयोजन को सफल बनाने में चंद्रपाल सैनी, तीव्र प्रकाश गुरु जी,मुकेश कुमार कुशवाहा, अमरीश कुमार गुप्ता, दीपवीर सिंह, उमेश कुमार, योगेंद्र सिंह, विपिन कुमार यादव, प्रांजल गोस्वामी, कल्पित सिंघल, रिंकू फूलमाली और अंजनी शर्मा का प्रमुख सहयोग रहा। रामलीला के दौरान समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक मौजूद रहे।राम जन्म की लीला एवं जनता रामलीला के समापन तक रामलीला मैदान भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
(सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट)
