सम्भल में 24 कोसीय परिक्रमा महोत्सव में श्रद्धालुओं पर ड्रोन एवं बुलडोजर से हुई पुष्प वर्षा, भव्य स्वागत से भक्तिमय हुआ माहौल!
सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट

सम्भल जिला के सम्भल में आज 13 नवंबर को सम्भल में 13 एवं 14 नवंबर को आयोजित हो रहे 24 कोसीय परिक्रमा महोत्सव को भव्य, दिव्य एवं श्रद्धालुओं के लिए यादगार बनाने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने विभिन्न प्रमुख तीर्थ स्थलों एवं मंदिरों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं के स्वागत एवं उत्साहवर्धन के लिए प्रमुख मंदिरों पर ड्रोन एवं बुलडोजर के माध्यम से पुष्प वर्षा की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण नजर आया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सर्वप्रथम क्षेमनाथ तीर्थ (नैमिषारण्य तीर्थ) पहुंचे। यहां उन्होंने तीर्थ परिसर में की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्रोन के माध्यम से श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई। अधिकारियों ने 24 कोसीय परिक्रमा के तैयार किए गए मॉडल का अवलोकन किया तथा फूलों से तैयार की गई आकर्षक फ्लेक्सी एवं जलाशय का निरीक्षण किया। उन्होंने तीर्थ परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग पर श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन एवं सुविधा के दृष्टिगत की गई व्यवस्थाओं को देखा तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ग्राम चंद्रायन स्थित चन्द्रेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां भी श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत करते हुए बुलडोजर एवं ड्रोन के माध्यम से पुष्प वर्षा की गई। अधिकारियों ने मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने चन्द्रेश्वर महादेव मंदिर के निकट से गुजरने वाली प्राचीन महिष्मति नदी के पुनरोद्धार कार्य का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली।प्रमुख तीर्थ स्थलों पर पुष्प वर्षा एवं एलसीडी स्क्रीन से महोत्सव को मिल रहा भव्य स्वरूप 24 कोसीय परिक्रमा महोत्सव के अंतर्गत श्रद्धालुओं के स्वागत एवं उत्साहवर्धन के लिए प्रमुख मंदिरों एवं तीर्थ स्थलों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। आज विभिन्न प्रमुख मंदिरों पर श्रद्धालुओं पर ड्रोन एवं बुलडोजर के माध्यम से पुष्प वर्षा की गई। साथ ही श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी एवं आयोजन से संबंधित गतिविधियों से अवगत कराने के लिए एलसीडी स्क्रीन भी लगाई गई हैं। आकर्षक सजावट एवं विशेष प्रकाश व्यवस्था से पूरे आयोजन को भव्य एवं दिव्य स्वरूप प्रदान किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि 13 एवं 14 नवंबर तक चलने वाले परिक्रमा महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं बेहतर रखी जाएं। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि श्रद्धालु इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में सुखद, सुरक्षित एवं अविस्मरणीय अनुभव लेकर जाएं।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सम्भल विकास चन्द्र, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सम्भल आदित्य प्रकाश, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
(सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट)

