नगर में इण्डेन गैस ऐजेंसी पर गैस सिलेंडर न मिलने पर उपभोक्ताओं किया हंगामा, हाईवे पर लगाया जाम
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बिसौली – शुक्रवार को नगर में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब गैस सिलेंडर न मिलने से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर गैस सिलेंडर रखकर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। बताया जा रहा है कि बिसौली स्थित ओलंपिक इंडियन गैस एजेंसी पर कई दिनों से उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे थे। इससे परेशान होकर बड़ी संख्या में लोग एजेंसी के बाहर इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते आक्रोशित उपभोक्ताओं ने हाईवे पर सिलेंडर रखकर हाइवे जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही बिसौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। इस दौरान राहगीरों और यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।




