गंगा एक्सप्रेस में पापड़ कट के पास टोल कर्मियों व किसान नेताओं के साथ हुई झड़प में 5 घंटे बंद रहा टोल कार्य
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
दातागंज – गंगा एक्सप्रेसवे पर दातागंज के पापड़ कट स्थित टोल प्लाजा नंबर 207 पर किसान यूनियन अराजनैतिक संगठन के प्रदेश अध्यक्ष हरिभान सिंह वर्मा और टोल कर्मियों के बीच विवाद हो गया। इस घटना के बाद सोमवार दोपहर करीब 2 बजे किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा पर धरना प्रदर्शन किया, जिसके चलते टोल लगभग पांच घंटे तक बंद रहा।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब प्रदेश अध्यक्ष हरिभान सिंह वर्मा लखनऊ से बदायूं जा रहे थे। दातागंज के पापड़ कट पर उनकी कार को टोल पर रोका गया और शुल्क मांगा गया। इसी बात को लेकर टोल कर्मियों और प्रदेश अध्यक्ष के बीच बहस हुई, जो जल्द ही बड़े विवाद में बदल गई।
विवाद की सूचना मिलने पर सैकड़ों किसान कार्यकर्ता धीरे-धीरे टोल प्लाजा पर जमा हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दातागंज, मूसाझाग, उसावां और हजरतपुर थानों की पुलिस बल के साथ एसडीएम प्रेमपाल सिंह राजपूत और क्षेत्राधिकारी दातागंज राहुल पांडे मौके पर पहुंचे।
कई घंटों के हंगामे के बाद एक महापंचायत आयोजित की गई। इसमें किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष ने टोल पर कथित अनियमितताओं को लेकर शिकायतें उठाईं। उन्होंने पुलिसकर्मियों के लिए आई-कार्ड मान्य करने और किसानों के लिए टोल शुल्क माफ करने की मांग की।
