बदायूं में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन: 8 अनधिकृत बसें सीज, 70 से अधिक वाहनों के चालान
बदायूँ – जिलाधिकारी के निर्देश एवं शासन के आदेशों के अनुपालन में परिवहन विभाग ने जिले में अनधिकृत रूप से संचालित यात्री वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। दो दिवसीय अभियान के दौरान 8 अनधिकृत बसों का चालान कर उन्हें सीज कर दिया गया, जबकि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले 70 से अधिक वाहनों के चालान भी किए गए।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी हरिओम एवं यात्री/मालकर अधिकारी अभिनव कुमार चौधरी के नेतृत्व में गुरुवार और शुक्रवार को संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करती मिली आठ बसों के विरुद्ध चालान एवं सीजर की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि इन बसों को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एवं मजिस्ट्रेट द्वारा संयुक्त निरीक्षण और आवश्यक जांच के बाद ही छोड़ा जाएगा।
अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों पर भी सख्ती दिखाई गई। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 32, बिना सीट बेल्ट 19, रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वाले 9 तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले 10 चालकों के चालान किए गए।
सड़क सुरक्षा को लेकर विभाग की अपील
परिवहन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। साथ ही तेज गति से वाहन न चलाएं और सभी यातायात नियमों का पालन करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा।

