एसडीओ पर मानसिक उत्पीड़न, अभद्र भाषा और जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप।
वजीरगंज से प्रदीप पाल की रिपोर्ट
वजीरगंज। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र वजीरगंज में तैनात अवर अभियंता रामस्वरूप का आरोप है। विद्युत वितरण उपखंड प्रथम बिल्सी के उपखंड अधिकारी कुलदीप कुमार के खिलाफ मानसिक उत्पीड़न, अभद्र भाषा का प्रयोग करने, नौकरी से निकलवाने और जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।अवर अभियंता रामस्वरूप ने लिखित शिकायत में बताया कि वह 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र वजीरगंज में अपने पद से संबंधित विभागीय कार्यों के साथ विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नियमानुसार और पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। आरोप है कि उपखंड अधिकारी कुलदीप कुमार द्वारा कई अवसरों पर उनके प्रति अनावश्यक मानसिक दबाव एवं उत्पीड़न की स्थिति उत्पन्न की गई। बातचीत के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग करने के साथ नौकरी से निकलवाने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अधिक कहासुनी होने पर उन्हें जान से मरवाने की धमकी भी दी गई। अवर अभियंता रामस्वरूप ने उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र देकर मामले की आवश्यक जांच कराते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है।

