हाईवे किनारे स्थित दुकान का रोशनदान तोड़कर नकदी और करीब 20 मोबाइल फोन ले उड़े चोर
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट

गांव खजुरिया में दो बंद मकानों के ताले तोड़कर नकदी, जेवर और अनाज चोरी, ग्रामीणों में दहशत
फैजगंज बेहटा । थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र में इन दिनों अज्ञात चोरों का आतंक चरम पर है। बेखौफ चोर लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामले में चोरों ने थाने से महज कुछ कदमों की दूरी पर स्थित एक मोबाइल की दुकान और गांव खजुरिया के दो बंद घरों को निशाना बनाया है। एक ही रात में हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
थाने के समीप मोबाइल शॉप से नकदी व फोन चोरी
ग्राम गंगापुर सराय निवासी अनिल यादव उर्फ राहुल की फैजगंज बेहटा में पुराने थाने की बिल्डिंग के पास मोबाइल की दुकान है। पीड़ित ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 16 नवंबर की रात अज्ञात चोर दुकान का रोशनदान तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। चोर दुकान में रखे 6 नए कीपैड फोन, ग्राहकों के रिपेयरिंग के लिए आए करीब 12 से 14 पुराने एंड्रॉयड मोबाइल, गल्ले में रखे 5,300 रुपये और दूसरी रैक में रखे 40,000 रुपये नकद चुरा ले गए। हैरानी की बात यह है कि यह दुकान मुरादाबाद-फर्रुखाबाद राजमार्ग के किनारे घनी आबादी में स्थित है, जहां पुलिस की मुस्तैदी रहती है।
खजुरिया में दो बंद घरों के ताले टूटे
दूसरी ओर, थाना क्षेत्र के गांव खजुरिया में भी 16 नवंबर की रात चोरों ने दो घरों को खंगाला। गांव निवासी आनंदपाल पुत्र धर्म सिंह सिकंदराबाद में नौकरी करते हैं। उनकी गैरमौजूदगी में चोरों ने घर का ताला तोड़कर संदूक में रखे 15,000 रुपये नकद, पाजेब, अंगूठी, बर्तन, सात बोरी धान और पांच बोरी गेहूं चोरी कर लिया।
इसी रात चोरों ने पड़ोस में रहने वाले रघुनाथ के बंद मकान को भी निशाना बनाया। रघुनाथ परिवार सहित बाहर रहते हैं। चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर कीमती सामान समेट ले गए। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।
इस संबंध में थानाध्यक्ष कपिल कुमार ने बताया कि गांव खजुरिया के दोनों घरों में हुई चोरी की तहरीर प्राप्त हो गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, थाने के समीप मोबाइल की दुकान में हुई चोरी के मामले में अभी तक लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है |



