रसोई गैस की मूल्यवृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव समेत कांग्रेसियों को उसहैत पुलिस ने किया गिरफ्तार , 2घंटे बाद मुचलके पर रिहा किया
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बदायूँ। रसोई गैस की मूल्यवृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव समेत कांग्रेसियों को उसहैत पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। 2घंटे बाद थाने से ही उन्हें मुचलके पर रिहा कर दिया।
इससे पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने रसोई गैस ,पेट्रोल व डीजल की मूल्यवृद्धि और बढ़ती महंगाई के खिलाफ दातागंज विधानसभा के उसहैत कस्बे में विरोध प्रदर्शन किया और ककराला चौराहे पर महंगाई का पुतला फूंका। कांग्रेसियों ने पेट्रोल, डीजल तथा रसोई गैस की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव समेत कांग्रेसियों को उसहैत पुलिस ने हिरासत में ले लिया और उसहैत थाने में बंद कर दिया। थाने से 2घंटे बाद सभी की निजी मुचलके पर रिहा कर दिया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने गिरफ्तारी की निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया। कहा कि भाजपा ने अघोषित आपातकाल लगा रखा है। भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज को पुलिस के बल पर दबा रही है। कहा कि कांग्रेसी गिरफ्तारी और जेल से डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस जनता की आवाज उठाती रहेगी।
कहा कि मोदी सरकार लगातार पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, कामर्शियल सिलेंडर, पीएनजी और सीएनजी के दाम बढ़ाकर जनता की जेब पर सीधा हमला कर रही है।रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल के साथ खाद्य तेल, दाल, आटा, दूध तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में हुई भारी वृद्धि ने मध्यम वर्ग, गरीब और श्रमिक परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है।मोदी सरकार के कार्यकाल में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे आम जनता का जीवन कठिन हो गया है।
उन्होंने अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ते तेल आयात पर रोक की निंदा करते हुए इसे भारत की जनता से विश्वासघात करार दिया।कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने देश को अमेरिका के हाथों बेच दिया है । कहा कि मोदी सरकार विफल हो गई है जिसके चलते मध्यम वर्ग और आम जनता पर महंगाई का भारी बोझ बढ़ गया है,बेरोजगारी की समस्या गंभीर हो गई है.
जिला उपाध्यक्ष बफ़ाती मियां व उसहैत नगर अध्यक्ष यूनिस रजा ने कहा कि तेल गैस संकट मोदी सरकार की विदेश नीति की विफलता की देन है।पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि से परिवहन, खाद्य सामग्री, खेती-किसानी और दैनिक उपयोग की वस्तुएं महंगी होती जा रही हैं, जिससे मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, छात्र एवं गरीब परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
जिला सचिव राजीव पटेल व अहमद अमजदी ने कहा कि मोदी सरकार ने अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ते तेल का आयात रोक दिया। इसका खामियाजा देश की जनता को पेट्रोल, डीजल और एलपीजी पर अपनी जेब से भरना पड़ रहा है।मूल्यवृद्धि से महंगाई बढ़ेगी और आम आदमी का जीवन मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने मूल्य वृद्धि को “जनविरोधी” करार दिया है ।कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के साथ प्रदर्शन करने वालों में जिला उपाध्यक्ष उपाध्यक्ष प्रभारी संगठन चौधरी वफाती मियां , जिला सचिव अहमद अमजदी, राजीव पटेल ,उसहैत नगर अध्यक्ष यूनिस रजा ,राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला अध्यक्ष इकरार अली,
जाबिर जैदी, अकरम खान ,सुरेंद्र सिंह ,रईस फारूकी, शोएब, आदि लोग शामिल थे



