तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को कुचला, मौके पर मौत; दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
संवाददाता हुकुम सिंह
उसावा, बदायूं। बदायूं जनपद के उसावा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। कस्बा उसावा में सड़क किनारे खड़े एक युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक सड़क के किनारे खड़ा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। चालक की गिरफ्तारी या फरार होने की स्थिति को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
सूचना मिलने पर उसावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान घटनास्थल पर मौजूद लोगों की भीड़ में हादसे को लेकर गहरा आक्रोश और शोक देखने को मिला।
उधर, मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके मौके पर पहुंचने से पहले ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का कहना है कि उन्हें अपने परिजन का अंतिम दर्शन करने का भी अवसर नहीं मिल सका, जिससे उनमें नाराजगी है। हालांकि, इस आरोप पर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना पर नायब तहसीलदार जितेन्द्र कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
फिलहाल पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे कस्बे में शोक का माहौल है और मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।।