बबराला में डीएवी स्पोर्ट्स–2026 का शानदार आगाज
फुटबॉल में डीएवी बबराला का कमाल, मेरठ को 3–0 से हराकर फाइनल में प्रवेश
बबराला राज्य स्तरीय डीएवी स्पोर्ट्स–2026 के पहले ही दिन मेजबान डीएवी फर्टिलाइज़र पब्लिक स्कूल, बबराला की बालिका खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-17 फुटबॉल सेमीफाइनल में डीएवी बबराला ने डीएवी मेरठ को 3–0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं बास्केटबॉल में प्रयागराज को 21–0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई, जबकि नेटबॉल अंडर-17 फाइनल में साहिबाबाद को 14–5 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ 8 अक्टूबर को हुआ। इसमें प्रदेश के विभिन्न डीएवी विद्यालयों से 806 बालिका खिलाड़ी, 50 महिला कोच एवं शिक्षिकाएँ तथा 40 पुरुष कोच एवं शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिताएँ अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्गों में आयोजित की जा रही हैं।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि एम. एस. प्रसाद, वाइस प्रेसिडेंट, यारा फर्टिलाइजर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सहित विशिष्ट अतिथियों का प्राचार्य एवं एआरओ आनन्द स्वरूप सारस्वत ने स्वागत किया।
प्राचार्य आनन्द स्वरूप सारस्वत ने खिलाड़ियों को आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इन्हीं खिलाड़ियों में से अनेक भविष्य में डीएवी राष्ट्रीय खेलों एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। मुख्य अतिथि एम. एस. प्रसाद ने कहा कि खेल पदक जीतने के साथ-साथ चरित्र, दृढ़ता और अनुशासन विकसित करने का माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को जीत में विनम्रता और पराजय में गरिमा बनाए रखने का संदेश दिया।पहले दिन डीएवी बबराला की तीनों प्रमुख उपलब्धियों ने प्रतियोगिता में मेजबान टीम की मजबूत दावेदारी पेश कर दी।
समारोह में प्रवेश कुमार,डॉ. विनीत त्यागी, आशुतोष मिश्र,पंकज द्विवेदी एवं आशीष शर्मा सहित यारा फर्टिलाइजर्स के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अनिरुद्ध भारद्वाज बबराला जिला सम्भल

