गंगा एक्सप्रेसवे पर 35 भैंसों से भरा कंटेनर पकड़ा, दो की हालत गंभीर 165 पोल नंबर के पास पुलिस की कार्रवाई, तीन भैंसें घायल; कुछ लोग हिरासत में
वजीरगंज से प्रदीप पाल की रिपोर्ट
वजीरगंज। थाना वजीरगंज क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के वनकोटा के पास 165 पोल नंबर पर पुलिस ने भैंसों से भरे एक कंटेनर को पकड़ लिया। कंटेनर में करीब 35 भैंसें भरी मिलीं। आरोप है कि पशुओं को क्षमता से अधिक और कथित रूप से क्रूरता पूर्वक तरीके से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।बताया जा रहा है कि कंटेनर में भैंसों को बेहद कम जगह में ठूंसकर ले जाया जा रहा था। इनमें दो भैंसों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि तीन अन्य भैंसों के चोटें लगी हुई हैं। पुलिस ने पशुओं को कंटेनर से बाहर निकलवाकर उनकी स्थिति की जानकारी ली।
पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि भैंसों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों और पशुओं की स्थिति के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
