लाभार्थीपरक योजनाओं के लंबित आवेदनों का 10 से 12 दिनों में निस्तारण सुनिश्चित करें बैंक: जिलाधिकारी!
सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट
सीएम युवा योजना सहित विभिन्न योजनाओं की ऋण स्वीकृति में तेजी लाने के निर्देश, 10 दिसंबर को होगी पुनः समीक्षा!
सम्भल जिला मुख्यालय पर आज
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिलाधिकारी कार्यालय पर शासन की विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा), पीएम स्वनिधि एवं पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आदि के लंबित एवं स्वीकृत आवेदनों की प्रगति को लेकर बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों (आरएम) के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने विगत बैठक के बाद सीएम युवा योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की ऋण स्वीकृति एवं लंबित प्रकरणों की बैंकवार समीक्षा की। इस दौरान एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा, पीएनबी, यूपी ग्रामीण बैंक, सेंट्रल बैंक, यूनियन बैंक एवं केनरा बैंक सहित विभिन्न बैंकों से प्रगति की जानकारी प्राप्त की जिलाधिकारी ने संबंधित बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऋण आवेदनों की स्वीकृति की प्रगति में तेजी लाते हुए अगले 10 से 12 दिनों में लंबित प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने एलडीएम को निर्देश दिए कि बैंकों की प्रगति संतोषजनक न होने पर संबंधित बैंकों के महाप्रबंधकों (जीएम) के साथ बैठक को लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही 10 दिसंबर को पुनः समीक्षा के लिए आवश्यक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने एलडीएम को यह भी निर्देशित किया कि विभिन्न बैंकों में लंबित आवेदनों एवं उनके निस्तारण की दैनिक रिपोर्ट बैंकों के लिए बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप पर अनिवार्य रूप से साझा की जाए, ताकि प्रतिदिन की प्रगति की निगरानी की जा सके।बैठक में एनआरएलएम के अंतर्गत सीसीएल एवं नए बैंक खाते खोलने से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई तथा उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक सौरभ कुमार पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर अभिमन्यु कुमार, डिप्टी कलेक्टर नीरज कुमार द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग मुकेश कुमार, एलडीएम ललित कुमार रॉय, विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, जिला समन्वयक तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
(सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट)

