5 साल से वेतन नहीं मिलने व बीएमएम पर पद से हटाने का लगाया आरोप; समूह सखी ने लगाई न्याय की गुहार
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बिसौली, बदायूँ | उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बिसौली ब्लॉक में समूह सखी के पद पर कार्यरत एक महिला ने वेतन न मिलने और बिना सूचना पद से हटाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने अधिकारियों से न्याय और 5 साल का बकाया वेतन दिलाने की मांग की है।
*क्या है मामला*
रिंकी यादव पत्नी अंकित यादव, निवासी बिसौली ने लिखित शिकायत दी है। रिंकी का कहना है कि वह 18/10/2021 से बिसौली ब्लॉक में समूह सखी के पद पर काम कर रही है। लेकिन आज तक उसे सैलरी का एक भी पैसा नहीं मिला है।
रिंकी ने आरोप लगाया कि बीएमएम राजेन्द्र ने बिना पूछे, बिना कोई जानकारी दिए ही दूसरी महिला को समूह सखी के पद पर चयन कर दिया। न तो उससे इस्तीफा मांगा गया और न ही उसे हटाने की कोई बात बताई गई।
*डीएम से लगाई गुहार*
पीड़िता ने अधिकारियों से निवेदन किया है कि उसे दोबारा समूह सखी के पद पर रखा जाए। साथ ही 18/10/2021 से अब तक, करीब 5 साल का बकाया वेतन दिलवाया जाए। रिंकी का कहना है कि वह आर्थिक तंगी से जूझ रही है और लगातार कार्यालय के चक्कर काट रही है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही।
*प्रशासन का पक्ष*
इस संबंध में बिसौली बीडीओ कार्यालय से संपर्क किया गया। अधिकारियों का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। शिकायत की जांच कराई जाएगी। यदि महिला का चयन नियमानुसार हुआ था और उसने कार्य किया है तो नियमानुसार वेतन भुगतान कराया जाएगा। बीएमएम से भी जवाब तलब किया जाएगा।
ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत समूह सखियों को स्वयं सहायता समूहों के गठन, बैंक लिंकेज और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का काम दिया जाता है। इसके बदले मानदेय तय है।

