बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य समेत छह लोग सड़क हादसे में घायल
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बिसौली। बदायूं से वजीरगंज क्षेत्र में आयोजित एक शोभायात्रा में शामिल होने जा रहे बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य की कार का रविवार को सामने से आ रही दूसरी कार से आमने-सामने टकराव हो गया। हादसे में विधायक आशुतोष मौर्य, उनके चालक व गनर सहित कुल छह लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना वजीरगंज थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के निकट पीपल गांव के पास हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। दूसरी कार में सवार तीन लोग भी घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को बिसौली स्थित मनोज माहेश्वरी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

