दबंगों का कहर: घर में घुसकर बुजुर्ग महिला को पीटा, कपड़े फाड़े, न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
संवाददाता हुकुम सिंह
मूसाझाग। थाना मूसाझाग क्षेत्र के ग्राम मैरी बजर मैरी में 6 दबंगों द्वारा एक 55 वर्षीय मजदूर महिला के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर धारा 173(4) BNSS के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थिनी सर्वेशा (55 वर्ष) पत्नी प्रेमशंकर, निवासी ग्राम मैरी बजर मैरी, थाना मूसाझाग ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसके पड़ोस के ही रहने वाले 1. लाल सिंह पुत्र बालकराम (43 वर्ष), 2. केशन पुत्र बालकराम (50 वर्ष), 3. सोनू पुत्र केशन (30 वर्ष), 4. सुनील पुत्र केशन (24 वर्ष), 5. करन पुत्र केशन (20 वर्ष), 6. सूरज पुत्र केशन (22 वर्ष) आये दिन उसे परेशान करते हैं।
दिनांक 01.08.2026 को सुबह करीब 10 बजे पीड़िता अपने घर के दरवाजे पर खड़ी थी, तभी उक्त सभी लोग उसके घर के सामने गाली-गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर सभी आग बबूला हो गए और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। आरोप है कि एक घंटे बाद ही सभी लाठी-डंडे लेकर उसके घर में घुस आए और उसे खींचकर जमीन पर गिरा दिया। लात-घूंसों और लाठी-डंडों से पिटाई की और कपड़े फाड़ दिए।
शोर मचाने पर आरोपी चिल्लाने लगे कि “इसे जान से मार दो, गरीब है, इसकी कोई मदद नहीं करेगा”। इसी दौरान केशन ने जान से मारने की नियत से उसके सिर पर डंडा मार दिया। चीख-पुकार सुनकर पीड़िता का बेटा राजेन्द्र और भाई ऋषिपाल व अन्य ग्रामीण मौके पर आ गए, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पीड़िता का आरोप है कि उसी दिन वह थाने गई, लेकिन दबंगों के दबाव के कारण पुलिस ने न तो कोई कार्रवाई की और न ही मेडिकल कराया। बाद में परिवार ने स्वयं जिला अस्पताल में मेडिकल कराया। पीड़िता ने 04.08.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ को डाक द्वारा प्रार्थना पत्र भेजा, पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
अंत में पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। माननीय न्यायालय में प्रकीर्ण वाद संख्या 1376 के तहत प्रार्थना पत्र दिया। न्यायालय के आदेश पर थाना मूसाझाग पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने बताया कि आरोपी गांव में खुलेआम धमका रहे हैं कि गवाही दी तो जान से मार देंगे, जिससे परिवार दहशत में है।

