लखनऊ से आए विशेष सचिव ने सीएचसी सैदपुर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा,,दवाइयों की सूची प्रदर्शित करने के निर्देश
वजीरगंज से प्रदीप पाल की रिपोर्ट
वजीरगंज। । आकांक्षात्मक विकासखंड वजीरगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सैदपुर का मंगलवार को विशेष सचिव एवं सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद, उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ ने निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रहे उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
विशेष सचिव ने सीएचसी की डिस्पेंसरी, इमरजेंसी कक्ष, डेंगू-मलेरिया वार्ड, ओपीडी, जेएसवाई प्रसव कक्ष और लेबर वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही दवाइयों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मौके पर मौजूद मरीजों से बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं और उपचार को लेकर उनका फीडबैक भी लिया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। विशेष सचिव ने प्रसव कक्ष और लेबर वार्ड की साफ-सफाई तथा व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने उपलब्ध दवाइयों की जानकारी लेते हुए मरीजों की सुविधा के लिए दवाइयों की सूची प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को आसानी से पता चल सके कि अस्पताल में कौन-कौन सी दवाइयां उपलब्ध हैं।उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन वर्मा, आयुष चिकित्सक, बीपीएम नवेद, बीसीपीएम रूपकिशोर, फार्मासिस्ट, जेएसवाई स्टाफ नर्स मरियम, श्वेता , पूनम, तिवारी, अंजली, नाजिया, मधुलिका, वंदना त्रिपाठी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।




