बिसौली में दिनदहाड़े हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने किया पर्दाफाश , नकदी व जेवरात समेत आरोपी गिरफ्तार
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बिसौली – जनपद बदायूँ के कस्बा बिसौली में स्थित खाटू श्याम कॉलोनी में 9 जून को हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात में शामिल एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई नकदी और जेवरात बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, खाटू श्याम कॉलोनी निवासी परिवार घर पर ताला लगाकर बाहर गया हुआ था। वापस लौटने पर मकान के ताले और अलमारी का लॉक टूटा मिला। जांच करने पर घर से लाखों रुपये की नकदी और कीमती सामान गायब मिला। पीड़ित की तहरीर पर बिसौली कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। घटना के खुलासे के लिए 4 पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने साक्ष्य संकलन, तकनीकी जांच के आधार पर एक आरोपी को ग्राम खजुरिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 1 लाख 90 हजार 400 रुपये की नकदी, चांदी के एक जोड़ी कड़े, एक जोड़ी पायल तथा चांदी के सिक्के बरामद किए गए हैं। वहीं एसपी देहात हिर्देश कठेरिया ने गुरुवार को बताया कि घटना का खुलासा कर दिया गया है और आवश्यक विधिक करने की जा रही है।
