आवारा गोवंश से टकराई बाइक, पति-पत्नी घायल, मासूम बाल-बाल बचा
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
*बिसौली।* शनिवार शाम बिसौली-सहसवान मार्ग पर गांव कोट के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आवारा गोवंश के अचानक सामने आ जाने से एक बाइक अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि गोद में बैठा 2 वर्षीय मासूम चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया।
हादसे की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को बिसौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद बदायूं के थाना उघैती क्षेत्र के ग्राम रमपुरा निवासी पप्पू अपनी पत्नी राधा और 2 साल के बेटे लक्ष्य के साथ बाइक से बिसौली थाना क्षेत्र के गांव धर्मपुर स्थित अपनी ससुराल में श्राद्ध की दावत खाने गए थे। दावत खाकर वापस लौटते समय जैसे ही वे बिसौली-सहसवान रोड पर गांव कोट के पास पहुंचे, तभी सड़क पर घूम रहे आवारा गोवंश से उनकी बाइक जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पति-पत्नी सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से बिसौली सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। महिला राधा पत्नी पप्पू की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया गया है। वहीं पप्पू का सीएचसी में ही उपचार चल रहा है।
स्थानीय लोगों ने मार्ग पर घूम रहे आवारा गोवंशों के आतंक पर आक्रोश जताया और प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।



