बिसौली क्षेत्र के कई गांव में जल जीवन मिशन के कार्य अधूरे, पेयजल संकट बरकरार
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बिसौली। विकास खंड बिसौली के ग्राम पीपरी रघुनाथपुर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए जा रहे कार्य लंबे समय से अधूरे पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के तहत गांव में पानी की टंकी, पाइपलाइन और अन्य निर्माण कार्य तो कराए गए, लेकिन अभी तक गांव को नियमित और सुचारू रूप से पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इससे लोगों को आज भी पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत करीब दो वर्ष पूर्व गांव की सड़कों और गलियों को खोदकर पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया गया था। कार्य पूरा होने के बाद सड़कों और गलियों की मरम्मत ठीक ढंग से नहीं कराई गई। कई स्थानों पर सड़कें आज भी टूटी हुई हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में इन रास्तों पर जलभराव और कीचड़ की समस्या और गंभीर हो जाती है।
ग्रामीण दीपक देशवाल, प्रेम प्रकाश, पुष्पेंद्र सिंह, सुरजीत सिंह एवं धीरेंद्र सिंह ने बताया कि गांव में बनी पानी की टंकी से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना था, लेकिन अधूरे कार्यों और अव्यवस्थित संचालन के कारण लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पेयजल व्यवस्था को सुचारू करने की आवश्यकता है ताकि लोगों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि अधूरे पड़े कार्यों के कारण सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य पूरा होता दिखाई नहीं दे रहा है। गांव के लोगों को उम्मीद थी कि जल जीवन मिशन के माध्यम से उनकी वर्षों पुरानी पेयजल समस्या दूर हो जाएगी, लेकिन वर्तमान स्थिति में उन्हें निराशा हाथ लगी है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जाए तथा टूटी सड़कों और गलियों की मरम्मत कराई जाए। साथ ही पानी की टंकी से नियमित एवं सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को योजना का वास्तविक लाभ मिल सके और उनकी पेयजल संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।


