वजीरगंज पुलिस ने एक किलो अवैध अफीम व स्विफ्ट कार के साथ दो तस्कर किए गिरफ्तार
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
वजीरगंज – रविवार को थाना वजीरगंज पुलिस टीम द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो तस्कर संजीव पुत्र धनपाल, निवासी ग्राम फतेहनगला, थाना वजीरगंज, जनपद बदायूँ रोहित पुत्र रामपाल, निवासी मोहल्ला गोपालपुर, कस्बा व थाना वजीरगंज, जनपद बदायूँ को गिरफ्तार किया गया । पुलिस टीम द्वारा अभियुक्तों के कब्जे से करीब 01 किलोग्राम अवैध अफीम तथा तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UP80 CB3478 बरामद की गई ।
*घटनाक्रम का विवरण*
दिनांक 22.08.2026 को थाना वजीरगंज पुलिस को मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UP80 CB3478 से अफीम लेकर करैंगी रोड से ग्राम अल्लुआ की ओर आ रहे हैं तथा अफीम की बिक्री करने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल ग्राम अल्लुआ जाने वाले मार्ग पर पहुंची और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग प्रारम्भ की। कुछ समय बाद मुखबिर द्वारा बताए गए नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार करैंगी की ओर से आती दिखाई दी। पुलिस टीम द्वारा टॉर्च की रोशनी दिखाकर वाहन को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक द्वारा वाहन को पीछे की ओर ले जाने का प्रयास किया गया, जिस पर पुलिस टीम ने तत्परता से घेराबंदी कर वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों को मौके पर ही पकड़ लिया । तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से 01 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। बरामदगी के संबंध में थाना वजीरगंज पर मु0अ0सं0 209/2026, धारा 8/18/60 एनडीपीएस एक्ट पंजीकृत कर दोनों अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

