वजीरगंज : दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, पांच लोग घायल
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट


बदायूं जिले के कस्बा वजीरगंज में दो मारुति सुजुकी कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार पांच लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना वजीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) वजीरगंज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद परिजन उन्हें अपने साथ घर ले गए।
जानकारी के अनुसार, मुड़िया से एक बारात में शामिल होकर मारुति सुजुकी सेलेरियो कार सवार बदायूं की ओर जा रहे थे। वहीं दूसरी ओर ईको कार सवार रैपुरा, बिसौली की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान कस्बा वजीरगंज में दोनों कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार लोग घायल हो गए।
घायलों में ईको कार चालक चन्द्रसेन पुत्र सोनपाल निवासी रमनगला, थाना अलापुर, योगेश (35) पुत्र नत्थूलाल और अंकित (16) निवासी गांव सूरजपुर, थाना अलापुर शामिल हैं। वहीं सेलेरियो कार में सवार अर्चना शर्मा (55) पत्नी जुगलकिशोर शर्मा निवासी आसफपुर, थाना फैजगंज बेहटा भी घायल हो गईं।
हादसे की सूचना पर पहुंची वजीरगंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सीएचसी में उपचार के बाद परिजन उन्हें घर ले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
