सूचना आयोग तक पहुंचा डहरपुर कला के नाले का मामला, जांच के निर्देश के बाद भी समाधान का इंतजार

संवाददाता, हुकुम सिंह दातागंज।
दातागंज विकास खंड के ग्राम पंचायत डहरपुर कला में जल निकासी की समस्या का मामला उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग तक पहुंच चुका है। उपलब्ध प्रपत्रों के अनुसार, गांव के पूर्व प्रधान सुभाष चंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया है कि आवासीय क्षेत्र के नालों को बंद कर दिए जाने से गंदा पानी घरों और गलियों में भर रहा है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रपत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता ने इस संबंध में खंड विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी दातागंज सहित अन्य अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायतें दीं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने पर मामला सूचना आयोग तक पहुंचाया गया। शिकायत में कहा गया है कि जल निकासी बाधित होने से मकानों को नुकसान पहुंच रहा है तथा गंदगी और जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है।
दस्तावेजों के अनुसार, 22 दिसंबर 2025 को खंड विकास अधिकारी, दातागंज ने शिकायत के आधार पर संबंधित अधिकारियों को नाले की स्थलीय जांच कर तीन दिन के भीतर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए थे।
इसी क्रम में एक अन्य प्रार्थना पत्र में शिकायतकर्ता ने गांव के तालाब पर कथित अतिक्रमण और जल निकासी बाधित होने का भी आरोप लगाया है। शिकायत में तालाब की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर जल निकासी की व्यवस्था बहाल कराने की मांग की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है तथा गंदा पानी घरों तक पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र प्रभावी कार्रवाई कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
