अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई
रिपोर्ट हुकुम सिंह दातागंज

बदायूं जिले के हजरतपुर क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार देर रात लभारी गांव के पास छापा मारकर अवैध खनन में लगे तीन ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन जब्त की गई। इस मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई खनन अधिकारी गुलशन कुमार के नेतृत्व में की गई। विभाग को सूचना मिली थी कि लभारी गांव के मोड़ के पास प्लाटिंग में भराई के लिए अवैध रूप से मिट्टी ले जाई जा रही है। इसी सूचना पर बदायूं खनन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद वाहन चालक कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सके और फरार हो गए। बताया जा रहा है कि दातागंज तहसील क्षेत्र के खेत-खलिहानों से इन दिनों अवैध मिट्टी खनन का कार्य जोरों पर है।
इस संबंध में कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें खनन माफियाओं द्वारा रात के अंधेरे में खेतों से निकाली गई मिट्टी को अवैध रूप से बेचने की बात सामने आ रही है। खनन अधिकारी गुलशन कुमार ने बताया कि जब्त किए गए वाहनों को हजरतपुर पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा


