बढ़ती महंगाई और नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बिसौली- बुधवार को कांग्रेस पार्टी के आह्वान पर बिसौली विधानसभा प्रभारी डॉ. सुशीला कोरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल एवं घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि, किसानों की उपेक्षा और नीट परीक्षा के बार-बार पेपर लीक होने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और तहसील पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन नायब तहसीलदार अनंग राज सिंह व अमित चौधरी को सौंपा।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए डॉ. सुशीला कोरी ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम जनता, किसान और मध्यम वर्ग महंगाई की मार झेलने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि डीजल, पेट्रोल और घरेलू गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों ने लोगों की कमर तोड़ दी है और परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। जिला उपाध्यक्ष चौधरी वफाती मियां ने कहा कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों और युवाओं की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है। वहीं, नीट परीक्षा का बार-बार पेपर लीक होना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जिससे छात्र-छात्राओं में भारी आक्रोश है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से महंगाई पर नियंत्रण करने, किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

