उसावा में डायल 112 के कांस्टेबल पर अभद्रता का आरोप
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
उसावा। थाना क्षेत्र के ग्राम फुलचियाई में डायल 112 पर तैनात एक कांस्टेबल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी और कुछ स्थानीय युवकों के बीच तीखी नोकझोंक होती दिखाई दे रही है, जिसके बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि किसी घटना की सूचना पर डायल 112 की टीम गांव पहुंची थी। इसी दौरान टीम में शामिल कांस्टेबल अकरम ने एक युवक के बड़े भाई के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। आरोप है कि जब दूसरे युवक ने इसका विरोध किया तो उसके साथ भी गाली-गलौज की गई। घटना के दौरान हुई कहासुनी का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी और युवकों के बीच बहस होती नजर आ रही है। हालांकि, वीडियो की सत्यता और घटना के पूरे घटनाक्रम की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामला ग्राम फुलचियाई, थाना उसावा क्षेत्र का बताया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस विभाग की ओर से कोई
आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। वहीं, यदि इस संबंध में शिकायत दर्ज होती है तो मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस अधिकारियों की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है। कांस्टेबल 112 के एक मामले को लेकर विवादित रह चुके हैं |
