बाढ़ प्रभावित ग्राम चकवा में कटान रोकने का कार्य शुरू, विधायक राजीव कुमार सिंह ने किया स्थलीय निरीक्षण
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
संवाददाता हुकुम सिंह
*म्याऊं-दातागंज-* विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत ब्लॉक म्याऊं के बाढ़ प्रभावित ग्राम चकवा में कटान रोकने के लिए बाढ़ खण्ड एवं प्रशासन द्वारा तत्काल प्रभाव से राहत व बचाव कार्य शुरू करा दिया गया है।
आज क्षेत्रीय भाजपा विधायक *राजीव कुमार सिंह (बब्बू भैया)* ने चकवा पहुंचकर बांस-बल्ली एवं परक्यूपाइन (कटान रोधी किट/बैम्बू किट) लगाकर किए जा रहे कार्यों का मौके पर स्थलीय निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक राजीव कुमार सिंह ने मौके पर मौजूद उपजिलाधिकारी विनोद कुमार सिंह सहित उपस्थित प्रशासनिक व बाढ़ खण्ड के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि कटान रोकने और तटबंधों को सुरक्षित रखने के कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि कटान को तत्काल रोकने के लिए युद्धस्तर पर सुरक्षात्मक कार्य पूर्ण किए जाएं, जिससे ग्रामीणों की कृषि भूमि व आवासों को नुकसान से बचाया जा सके।
इसके उपरांत विधायक राजीव कुमार सिंह ने विकास खण्ड म्याऊं के अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी सघन दौरा किया। उन्होंने जलभराव व कटान की चपेट में आए ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को स्वच्छ पेयजल, सुरक्षित आश्रय, राशन सामग्री, पशुओं के लिए चारा तथा स्वास्थ्य व चिकित्सा सुविधाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए।
विधायक बब्बू भईया ने कहा कि संकट की इस घड़ी में भाजपा सरकार व प्रशासन जनता के साथ खड़ा है और प्रभावितों को हर संभव मदद पहुंचाई जाएगी।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी, बाढ़ खण्ड के अभियंता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

