दौलतपुर गोटिया में एक रिसॉर्ट में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर हुआ राख
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बदायूँ – वजीरगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर गोटिया गांव में स्थित संजय गुप्ता के रिसॉर्ट में शुक्रवार रात लगभग 11:00 करीब अचानक भीषण आग लग गई। रिसॉर्ट परिसर में संजय गुप्ता ने अपने रहने के लिए एक घर बनवा रखा था। इसी घर में अचानक आग लगने से कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तेज लपटें उठती देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि आग इतनी भयंकर थी कि घर में रखा सामान और अन्य कीमती वस्तुएं आग की चपेट में आ गईं। आग से लाखों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आ रही है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही हो सकेगा। प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। वहीं घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई। फायर कर्मियों द्वारा लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास किया जाता रहा। आग लगने के दौरान आसपास के लोगों की भी मौके पर भीड़ जुट गई। फिलहाल आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं और पुलिस व फायर विभाग की टीम घटना के कारणों तथा हुए नुकसान की जानकारी जुटा रही है।